लॉक डाउन के चलते मीनाक्षी चौक पर वाहन सवार से पुछताछ करती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भारी भीड़ के आगे सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त
मुजफ्फरनगर। कोरोना के संक्रमण से बचाव को लेकर लोग अभी पूरी तरह से सतर्क नहीं हैं। पुलिस प्रशासन की चेतावनी के बाद भी सड़कों पर आई भारी भीड़ ने नियमों को तोड़कर खरीदारी की। शहर के चुंगी नंबर-दो पर अस्थायी सब्जी मंडी के साथ ही मोहल्ला नया बांस, ईदगाह सब्जी मंडी व हनुमान चौक पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि पुलिस-प्रशासन सोशल डिस्टेंस को लेकर भी कोई व्यवस्था नहीं कर पाया।
कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात 12 बजे से देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन करने की घोषणा की थी। इसके चलते पुलिस-प्रशासन ने शहर में भीड़ इकट्ठा नहीं होने देने की रणनीति बनाने और जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित नहीं होने देने के दावे किए थे। इसके लिए सुबह छह से नौ बजे तक किराना व दूध की दुकानों को खुले रखने के आदेश दिए गए थे, जबकि सुबह नौ से 12 बजे तक फल-सब्जियों को रेहड़े में रखकर हर गली-मोहल्ले में होम डिलीवरी कराने की बात कही थी। हालांकि बुधवार सुबह लॉक डाउन के पहले ही दिन सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के चुंगी नंबर-दो व ईदगाह के सामने स्थित सब्जी मंडी में भारी अव्यवस्थाओं के चलते सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ठेली वालों के साथ ही आम नागरिक भी ख्ररीदारी करने के लिए सब्जी मंडी में जा पहुंचे। भीड़ के हालात बेकाबू होते देख ईदगाह सब्जी मंडी को शामली स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र सिंह ने समय से पहले ही बंद करा दिया, लेकिन चुंगी नंबर-दो सब्जी मंडी सुबह करीब दस बजे तक बदस्तूर चलती रही। क्षेत्र के किराना स्टोरों पर भी भारी भीड़ रही, जहां पुलिस व्यवस्था बना पाने में पूरी तरह विफल रही। वहीं, सड़कों पर भी आम दिनों की ही भांति वाहन दौड़ते नजर आए, जिन्हें रोकने के लिए किए गए इंतजाम नाकाफी रहे।
इन्होंने कहा ..........
एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि लॉक डाउन का पहला दिन होने के कारण पूरी तरह से व्यवस्थाएं बनाने में एक-दो दिन का समय लगेगा। सब्जी मंडी में पहले दिन ठेली वालों के साथ कुछ लोग भी सामान लेने पहुंच गए, लेकिन आगे से लोगों को उनकी गलियों में ही फल-सब्जियां मुहैया कराईं जाएंगी।