शहर की सफाई व्यवस्था में जुटे कर्मचारी
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के चलते नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सड़कों, नालियों एवं दीवारों पर ब्लीचिंग एवं अन्य दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। बुधवार को चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया तथा छिड़काव किया गया।
पानी के टैंकर के माध्यम से ब्लीचिंग अन्य दवाई युक्त पावर स्प्रे से सैनिटाइजर का कार्य कराया गया। अभियान की शुरुआत थाना नई मंडी वार्ड संख्या 24 में सभासद विकास गुप्ता के साथ अभियान की शुरुआत की गई। वार्ड की गलियों को सैनिटाइज किया गया। नई मंडी क्षेत्र के वार्ड 24 के साथ वार्ड 32, वार्ड 19 व 34 मे भी पानी टैंकर पावर स्प्रे द्वारा छिड़काव किया गया। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि कोरोना वायरस से भयभीत होने की जरूरत नहीं है, बचाव ही उपाय है। हम सब मिलकर, डटकर और सचेत एवं सजग रहते हुए कार्य करेंगे। बृहस्पतिवार को नई मंडी के वार्ड 11 एवं 25 में अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर अभिषेक अग्रवाल, विकास गुप्ता, विकल्प जैन, प्रियांशु जैन, चीफ इंस्पेक्टर राजीव कुमार, इंस्पेक्टर उमाकांत शर्मा, संजय पुंडीर, विकास कुमार, स्टेनो अध्यक्ष गोपाल त्यागी, बीना शर्मा, अजय जैन तथा सुरेंद्र शर्मा एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों को दिए पास
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन में शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर पालिका के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरएस राठी ने सफाई नायकों और सफाई कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। पालिका प्रशासन की ओर से सफाई कर्मचारियों को पास दिए गए, ताकि सफाई कार्य के लिए निकलने वाले सफाई कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने सभी सफाई नायकों को सफाई की व्यवस्था को एकदम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।