भोपा। गांव कासमपुरा में वृद्ध की स्कूली बस की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने मुजफ्फरनगर-मोरना- शुक्रताल मार्ग पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया। भोपा थाना क्षेत्र गांव कासमपुरा निवासी प्रहलाद (64) सोमवार सुबह करीब नौ बजे चारा लेने के लिए जंगल जा रहा था। भोपा की ओर से आई एक स्कूल बस की चपेट में वृद्ध आ गया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे को देख कुछ ही दूरी पर क्रिकेट खेल रहे युवक मौके पर पहुंचे। युवकों ने मृतक की पहचान कर परिजन को सूचना दी। सूचना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों ने मुजफ्फरनगर-मोरना-शुक्रताल मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर भोपा इंस्पेक्टर विजय सिंह, ककरौली इंस्पेक्टर बीपी सिंह, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान, सतनाम सिंह समेत भाजपा नेता और जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, तब जाकर कहीं तीन घंटे बाद जाम खोला गया। मदद के आश्वासन के बाद परिजन शव को अपने घर ले गए। प्रहलाद की मौत से परिवार के किरणपाल, राजकुमार, जय भगवान और बेटी कौशर, गीता, सोनिया पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। भोपा इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे राजकुमार ने थाने पर तहरीर देकर दुर्घटना को इत्तेफाक हादसा बताते हुए किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया है।