एडीओ पंचायत पर पांच करोड़ की हेराफेरी का आरोप
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। ब्लाक क्षेत्र के गांव हाशमपुर के ग्राम प्रधान रवि ने ब्लॉक के एडीओ पंचायत पर पांच करोड़ रुपये गांवों में विकास कार्यों के नाम पर हेराफेरी करके निकालने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने सीएम पोर्टल सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जांच कराने की मांग की है।
जानसठ ब्लॉक के गांव हाशमपुर के ग्राम प्रधान रवि ने अफसरों को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि एडीओ पंचायत मुकुटराज ने गांवों में विकास कार्यों के नाम पर काफी अनियमितताएं बरती है। प्रधान ने पांच करोड़ रुपये हेराफेरी करके ग्राम निधि के खाते से निकालने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में अवगत कराया कि 25 लाख रुपये ग्राम हाशमपुर के ग्राम निधि खाते से निकाले गए। आरोप लगाया कि गांव में किसी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। 25 दिसंबर 2020 को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल पूर्ण हो चुका था। इसके बाद एडीओ पंचायत को ग्रामों का प्रशासक नियुक्त किया गया था। ग्राम प्रधान द्वारा शिकायत में बताया गया कि जब एडीओ पंचायत द्वारा इस संबंध में बात की गई, तो आरोप है कि एडीओ पंचायत ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। ग्राम प्रधान ने इसकी जांच कराने की मांग की है। उधर, एडीओ पंचायत मुकुट राज ने प्रधान ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि गांव में कराए गए विकास कार्यों के भुगतान और अन्य कार्यों में निकाली गई धनराशि खर्च की गई है। बीडीओ संत प्रकाश का कहना है कि शिकायती पत्र मिलने पर जांच कराई जाएगी।
25 दिसंबर को पूरे जनपद के सभी ग्रामों में प्रशासन नियुक्त किए गए थे। एडीओ के साथ ही ग्राम सचिव के साथ संयुक्त खाता है। अकेेले एडीओ धनराशि नहीं निकाल सकता। निकाली गई धनराशि का कराए गए कार्यों के साथ मूल्यांकन होता है। ऐसी कोई शिकायत अभी नहीं मिली। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
- अनिल कुमार सिंह, डीपीआरओ