मुजफ्फरनगर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में खाली सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका दिया गया है। आज से अभ्यर्थियों की दाखिला पूरी शुरू होगी। 11 अक्तूबर की शाम तक पंजीकृत छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
शहर में डीएवी डिग्री कॉलेज, सनातन धर्म कॉलेज, चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज और जैन कन्या डिग्री कॉलेज एडेड महाविद्यालयों की लिस्ट में शामिल है। इनमें स्नातक और परास्नातक सीटों पर मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश हो चुके हैं। कुछ पाठ्यक्रमों में सीटों के सापेक्ष दाखिले नहीं हुए थे तो उनके लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराए गए थे। आर्य समाज रोड स्थित डीएवी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गरिमा जैन ने बताया कि बीएससी गणित में 390 सीट, एमएससी गणित में 8 और एमएससी सांख्यिकी में 11 सीट रिक्त हैं। समर्थ पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों की वजह से अभ्यर्थी दाखिला लेने से वंचित हुए हैं। दोबारा पंजीकरण का मौका इसलिए दिया गया है ताकि वह सीट की उपलब्धता के आधार पर अपना प्रवेश प्राप्त कर सकें।