मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने मंगलवार को यहां पहुंचकर हेलीकॉप्टर से सहारनपुर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सहारनपुर मंडल के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दो दिनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी करने के आदेश दिए।
मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार मंगलवार को दोपहर 3.30 बजे यहां पुलिस लाइंस में हेलीकॉप्टर से पहुंचे। उन्होंने पुलिस लाइन के सभागार में सहारनपुर के कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीआईजी केएस इमैनुअल, डीएम जीएस प्रियदर्शी, एसएसपी अनंत देव समेत सभी एसपी की बैठक ली। कांवड़ यात्रा की समीक्षा की।
अभी तक किए गए सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी की जाए। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर उससे तुरंत पूछताछ की जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के वेश में पुलिस ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए सभी संदिग्धों पर नजर रखने को कहा। आगामी दो दिनों में सभी कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस बल बढ़ाने और सतर्कता के निर्देश दिए।
एडीजी ने अधिकारियों से कांवड़ियों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही रूट डायवर्जन संबंधी भी जानकारी हासिल की। उन्होंने आदेश दिया कि जिन मार्गों पर कांवड़ियों की संख्या ज्यादा रहती है, उन पर एहतियात बरतते हुए यातायात को चलवाया जाए। डाक कांवड़ के आने जाने के मार्ग पर व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। बैठक में एसपी सिटी ओमवीर सिंह, एसपी देहात अजय सहदेव भी मौजूद रहे।
अधिकारियों की बैठक लेने के बाद एडीजी प्रशांत कुमार ने हेलीकॉप्टर से सहारनपुर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीआईजी और डीएम भी मौजूद रहे। शहर के अलावा नेशनल हाईवे, शाहपुर-बुढ़ाना मार्ग, शामली मार्ग, खतौली, भंगेला, गंगनहर कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण किया। कांवड़ यात्रा मार्ग का जायजा लेने के बाद एडीजी हेलीकॉप्टर से फिर से पुलिस लाइन आए। यहां अधिकारियों को छोड़कर हेलीकॉप्टर से मेरठ चले गए।
कांवड़ यात्रा पर कोई आतंकी साया नहीं
मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा पर कोई आतंकी साया नहीं है, न ही ऐसा कोई इनपुट खुफिया एजेंसियों ने दिया है। वे सुरक्षा व्यवस्था के लिए कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई निरीक्षण कर यात्रा का जायजा लेने आए हैं।
पुलिस लाइन में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा विशाल मेला है, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होनी चाहिए। अब भविष्य मेें भी कांवड़ यात्रा का हवाई निरीक्षण किया जाएगा। इसी संदर्भ में वे यहां कांवड़ यात्रा का हवाई निरीक्षण करने आए हैं।
कांवड़ यात्रा के हवाई निरीक्षण से यह भी जाना जाएगा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को कैसे और सुचारु-सरल बनाए, ताकि आगे कांवड़ यात्रा में अधिक रूट डायवर्जन से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि अधिकारियों से बैठक कर कांवड़ यात्रा में किए गए सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। साथ ही आगामी दो तीन दिनों में और अधिक मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।