संवाद न्यूज एजेंसी
ककरौली। रिश्तेदारी में छठी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे बाइक सवार मां-बेटे पर करीब दो दर्जन युवकों ने रास्ते में रोककर हमला कर दिया। शोर मचाने होने पर युवक वहां से भाग गए।
थाना व कस्बा छपार के होली चौक निवासी ललिता रविवार को अपने पुत्र कपिल के साथ ककरौली क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा में अपनी रिश्तेदारी में बच्चे की छठी कार्यक्रम में आये थे। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को डीजे पर गाना बजाते समय किसी बात पर गांव निवासी एक युवक के साथ कपिल की कहासुनी हो गई थी।
युवक ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। सोमवार दोपहर मां-बेटा बाइक से गंगनहर पटरी मार्ग से अपने घर लौट रहे थे। जौली गंगनहर पटरी मार्ग पर कम्हेड़ा पुलिस चौकी से 500 मीटर आगे पहले से खड़े करीब 12 युवकों ने उन्हें रोक लिया तथा उनके साथ हाथापाई व मारपीट करने लगे।
शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी की। थाना पुलिस ने बताया कि मारपीट करने वाले गांव कम्हेड़ा निवासी अभिषेक व छह अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।