आरोपी फरार, रिश्तों व अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू
मुजफ्फरनगर। कुख्यात संजीव जीवा व उसकी पत्नी पायल माहेश्वरी, सभासद प्रवीण पीटर व कई अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार हो गए।
नई मंडी संजय मार्ग पटेल नगर निवासी कारोबारी मनीष गुप्ता ने पटेल नगर नई मंडी निवासी सचिन अग्रवाल, नई मंडी निवासी अमित गोयल उर्फ अमित बौना, नई मंडी निवासी अमित माहेश्वरी, प्रेमपुरी निवासी संजीव माहेश्वरी उर्फ संजीव जीवा, नई मंडी निवासी शुभम बंसल, नई मंडी निवासी शैंकी मित्तल, शहर कोतवाली के मोहल्ला पंचमुखी निवासी प्रवीण मित्तल उर्फ पीटर, नई मंडी निवासी अनुराधा माहेश्वरी पत्नी अमित माहेश्वरी व नई मंडी निवासी पायल माहेश्वरी के खिलाफ रंगदारी, मारपीट, संपत्ति हड़पने, बंधक बनाने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
दर्ज मुकदमे में किसी भी आरोपी का एक दूसरे से रिश्ता नहीं लिखा गया था। पुलिस जांच में जुटी है। एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपियों के रिश्तों के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी बारीकी से जांच की जा रही है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने दबिश की कार्रवाई शुरू की है। संजीव जीवा जेल में बंद है।