- स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी खालिद के परिवार ने जमीन बेचने के नाम पर 15 लाख 48 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार शुक्रवार को हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित खालिद ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2022 में उसने गांव के कुछ लोगों से कृषि भूमि का सौदा 15 लाख 48 हजार रुपये में किया था। 9 लाख 98 हजार रुपये ऑनलाइन और 5 लाख 50 हजार रुपये नकद दिए थे।
कुछ जमीन का बैनामा उसकी भाभी के नाम हो गया था। कुछ जमीन का बैनामा होना रह गया था। अब बैनामा नहीं किया जा रहा है। थाना पुलिस और सीओ स्तर से जांच भी हो चुकी है। एक आरोपी दुबई चला गया है।
थाना पुलिस और सीओ स्तर से जांच भी हो चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के आदेश दिए गए हैं।