मंसूरपुर क्षेत्र में गांव में सैनिटाइज करते कर्मचारी।
- फोटो : KHATAULI
गैर हाजिर छह सफाईकर्मियों का कटेगा वेतन
मुजफ्फरनगर। लगातार फैल रहे कोरोना संक्रमण के चलते डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर जनपद में बृहस्पतिवार से गांव-देहात स्तर पर वृहद सफाई व सैनिटाइजेशन अभियान शुरू किया गया। पहले ही दिन अभियान में लगाए गए छह कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जिनका एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बृहस्पतिवार से जनपद में लगातार फैल रहे कोरोना संक्रमण के चलते एक सप्ताह के विशेष सफाई अभियान का आगाज किया था। इसके तहत गांव-देहात के साथ ही कंटेनमेंट जोन में रोस्टर के तहत साफ-सफाई के साथ ही फॉगिंग व सैनिटाइजेशन कराया जाना था, जिसमें सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अभियान के पहले ही दिन जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) अनिल सिंह ने सदर ब्लॉक के गांव संधावली, नरा व जड़ौदा का निरीक्षण किया। डीपीआरओ ने बताया कि पहले ही दिन अभियान में लगाए गए छह सफाई कर्मचारी गांव जड़ौदा में ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। इन सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक अभियान के तहत गांव-गांव रोस्टर के तहत सफाई अभियान चलाते हुए इसका निरीक्षण भी किया जाएगा। अभियान में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।