बुढ़ाना मोड़/ मुजफ्फरनगर। शुक्रवार सुबह मजदूरी करने के लिए जा रहे पीनना निवासी गुलशन (35) को बाइक ने टक्कर दी। उपचार के दौरान उसकी अस्पताल में मृत्यु हो गई।
पानीपत खटीमा हाईवे शामली मार्ग स्थित गांव पीनना में सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से पीनना गांव निवासी युवक गुलशन (35) की मृत्यु हो गई। परिजनों ने बताया कि गुलशन मुजफ्फरनगर में मजदूरी करता था। सुबह के समय मजदूरी पर जाने के लिए घर से निकला था। मुजफ्फरनगर शामली मार्ग पर सड़क पार करते हुए शामली की ओर से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे उठाया और परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। पिता की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई मेरठ में ही हो रही है। शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पता चला है कि बाइक पर एक व्यक्ति व उसकी बेटी सवार थे। वह भी हादसे में घायल हुए हैं।