-परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को दफना दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर गांव भंगेला के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दयालपुरम निवासी तबस्सुम (20) की मौत हो गई। वहीं उसका भाई घायल हो गया। युवती अपनी बड़ी बहन के शादी समारोह में जा रही थी। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को दफना दिया।
दयालपुरम निवासी तबस्सुम की बड़ी बहन की शादी थी। रविवार देर शाम वह अपने भाई कादिर के साथ बाइक से भंगेला से आगे एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में जा रही थी। वह जब गांव भंगेला से थोड़ा आगे पहुंची तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवती और उसका भाई घायल हो गए। गंभीर घायल युवती को मेरठ एक अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। परिवार वाले तबस्सुम के शव को लेकर घर चले आए। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के गमगीन माहौल में शव को दफना दिया गया।