मुजफ्फरनगर। मिलावटी सामान बेचने वालों पर कार्रवाई की जमीन तैयार हो गई है। खाद्य पदार्थों से लिए गए सैंपल की अधिकतर रिपोर्ट में मिलावट साबित हुई है। विभाग सूची बनाकर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जून और जुलाई माह में नगर की काफी दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए थे। कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया था। तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट विंध्यवासिनी राय ने कई जगहों पर कार्रवाई पूरी कराई थी। विभाग ने नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे थे। दोनों माह की रिपोर्ट आ गई हैं। इनमें अधिकर सैंपलों की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों में मिलावट मिली है। उत्पादों के निर्माण में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों को प्रयोग किया जाना पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। गिने चुने दुकानों को क्लीन चिट देकर आरोप मुक्त भी किया जा रहा है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि ज्यादातर नमूनों के रिजल्ट में खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी उजागर हुई है। इनकी सूची तैयार कर सहारनपुर कार्यालय भेजी जा रही है। उसके बाद दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।