मुजफ्फरनगर। सघन पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के लिए शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। डीएम कौशल राज शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के सहयोग से ही अभियान को कामयाबी मिलेगी। 1452 बूथों पर पोलियो दवा पिलाई जाएगी।
शनिवार को टाउन हॉल से स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली का शुभारंभ डीएम कौशलराज शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अभियान में प्रत्येक नागरिक एवं सामाजिक लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोलियो को समाप्त करना बहुत बड़ी आवश्यकता है। समाज के सहयोग से ही पोलियो उन्मूलन में सफलता मिलेगी। रैली टाउन हॉल से नगरपालिका, झांसी की रानी, शिव चौक, जीटी रोड होते हुए जिला चिकित्सालय पर जाकर संपन्न हुई। सीएमओ डॉ. एसके त्यागी ने बताया कि रविवार को 1452 बूथों पर पांच वर्ष की उम्र तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। 44 मोबाइल टीमें अभियान में लगाई गई है। 5,29,615 बच्चों को दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 28 अप्रैल से दो मई तक घर-घर जाकर दवाई पिलाई जाएगी। डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार, डॉ. देवानंद राम, डॉ. चंद्र मोहन, पुष्पा रानी, डॉ. गीतांजलि, सफिया अहमद, विनोद शर्मा, मोहम्मद नफीस, रतन सिंह, बीर सिंह और नरेंद्र आदि उपस्थित रहे।