शाहपुर, 2 मार्च। कीटनाशक के छिड़काव वाली सरसों के पत्तों से बना साग खाने से विवाहिता की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य पांच सदस्य भी बीमार पड़ गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के तावली गांव निवासी बालू चौधरी ने सरसों की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव किया था। शुक्रवार शाम बालू की विवाहित 30 वर्षीया बेटी तसमीम पत्नी वाहिद निवासी कसेरवा उसी खेत से सरसों के पत्ते तोड़कर लाई और उसका साग बना लिया। साग को पूरे परिवार ने खाया और बीमार पड़ गया। परिवार की हालत खराब होने पर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। जिन्हें गांव में ही एक चिकित्सक को दिखाया गया, लेकिन उसने हाथ खड़े कर दिए। जिसके चलते तसमीम को परिवार के अन्य पांच सदस्यों समेत देर रात जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से तसमीम को गंभीर अवस्था में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया तो परिजन शव लेकर लौट आए, जबकि बाकी सदस्यों को जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि मृतका फिलहाल मायके में आई हुई थी, जिसके दो बच्चे हैं। सूचना पर पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों के समक्ष ही शव को शनिवार को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।