पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। एक कर्जदार को उठा ले आने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसान सेवा सहकारी समिति पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। एमडी को बंधक बनाकर नारेबाजी की। उसके बाद भाकियू कार्यकर्ता किसान को छुड़ाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान उन्होंने सहकारी समिति के बाहर लिखे कर्जदारों के नामों वाले बोर्ड पर भी काला रंग पोतकर कर्जदारों के नाम मिटा दिए।
पुरकाजी क्षेत्र के गांव गोधना निवासी किसान सोम सिंह और समय सिंह पुत्रगण मंगता ने 31 दिसंबर 2014 में पुरकाजी किसान सेवा सहकारी समिति से करीब ढाई ढाई लाख रुपये का कर्ज लिया था, जो ब्याज लगने के बाद करीब चार-चार लाख हो गया है। रुपया जमा न कराने पर मंगलवार को सहकारी समिति और संबंधित बैंक के कर्मचारी किसान सोम सिंह को उठा ले आए थे। जानकारी मिलने पर भाकियू कार्यकर्ता सहकारी समिति के दफ्तर पर पहुंचे। किसान को उठा लाने का विरोध करते हुए हंगामा किया। कार्यकर्ता वहीं पर धरने पर बैठ गए और एमडी को भी बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। उन्होंने एमडी को
चेतावनी दी कि अगर किसी कर्जदार किसान को आइंदा उठाकर लाया गया तो सहकारी समिति के दफ्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। उसके बाद कार्यकर्ता किसान को अपने साथ ले गए। इस दौरान भाकियू नगराध्यक्ष मौहम्मद सुलेमान, रियासत खलीफा, तोसीफ फारूकी, हाफिज मोहसीन, राजपाल सिंह, नाथीराम त्यागी, धर्मवीर, यतेंद्र कुमार आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे। समिति के एमडी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि शासन द्वारा कर्जदारों से कर्ज वसूलने को लेकर लगातार दबाव दिया जा रहा है। कर्ज की वसूली न करने पर सस्पेंड करने की चेतावनी दी जा रही है। उक्त दोनों किसान क्षेत्र के सबसे बडे कर्जदार हैं, मंगलवार को कर्जदार सोम सिंह को उठाकर लाया गया था, जिसे कुछ लोग जबरदस्ती छुड़ा ले गए हैं। आला अफसरों को मामले की जानकारी दे दी गयी है।