पांच हजार मानदेय की सीएम से गुहार
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। ब्लाक के परिषदीय स्कूलों में रसोई माताओं ने मासिक मानदेय पांच हजार रुपये कराने के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक डीके त्यागी को सौंपा। मंगलवार को तमाम स्कूलों में खाना बनाने वाली रसोई माताएं थाने में एकत्र हुईं। उन्होंने कहा कि एक हजार मानदेय काफी कम है। जिससे उनके परिवार का खर्चा नहीं चल पा रहा है। उन्होंने एक हजार से बढ़ाकर पांच हजार रुपये मासिक मानदेय करने की मांग की है। साथ ही मानदेय ग्राम प्रधानों के खाते के स्थान पर सीधे उनके खातों में भेजने की व्यवस्था करने की गुहार मुख्यमंत्री से की है। इस संबंध में कैलाशो देवी के नेतृत्व में एक ज्ञापन सीएम योगी आदित्य नाथ के नाम थाना प्रभारी का सौंपा।
ड्रग इंस्पेक्टर ने किया दौरा
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। ड्रग इंस्पेक्टर जगवीर सिंह टीम के साथ कस्बे में पहुंचने की भनक लगने पर मेडिकल स्टोर स्वामियों में हड़कंप मच गया। अधिकांश ने दुकानों के शटर डाल दिए। बस स्टैंड पर उन्होंने निरीक्षण करने का प्रयास किया, लेकिन बस स्टैंड, राजीव मार्केट और नगर पंचायत कार्यालय के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों पर ताले लटके मिले। बाजार कलां और शिवचौक पर भी मेडिकल स्टोर बंद मिले। उन्होंने चौहट्टा मोहल्ले में एक मेडिकल स्टोर का घंटों तक रिकॉर्ड खंगाला। वहां मौजूद स्टॉक, दवाओं के बिल और दवाओं को रखने के मानक की जांच-पड़ताल की और गोदामों पर भी स्टॉक का निरीक्षण किया।