बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)।
परासौली चौकी इंचार्ज पर ग्रामीणों से अवैध रूप से पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने चौकी पर धरना देकर चौकी इंचार्ज को अपने बीच बैठाया।
भाकियू कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को कोतवाली की परासौली चौकी पहुंचे और चौकी इंचार्ज पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगाम किया। अपराह्न करीब तीन बजे कार्यकर्ता चौकी के सामने धरने पर बैठ गए। तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने चौकी इंचार्ज को बुलवाकर धरने पर कार्यकर्ताओं के बीच बैठा लिया। आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ग्रामीणों का शोषण कर रहा है। गोकशी आदि में जेल भेजने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। ग्रामीण अल्लामेहर से 7 हजार, मौसम से 17 हजार, शाहिद से 5 हजार और नईम से 10 हजार रुपये की अवैध वसूली की है। भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच बैठे चौकी इंचार्ज ने किसी भी वसूली से इंकार कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि चौकी के किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा वसूली की शिकायत नहीं मिलेगी। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बताया कि एक ग्रामीण द्वारा हुई वसूली के पैसे पुलिस वालों ने लौटा दिए है। दूसरी ओर चौकी इंचार्ज का कहना था कि उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया और न ही कोई पैसा लौटाया। चौकी इंचार्ज के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर सुधीर कुमार, यासीन, सुभाष, बाबू, रईसूद्दीन, हसरत, अहसान, हनीफ, धीर सिंह, बाबू, इस्तकबाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।