कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगा कार्रवाई की मांग
देवबंद (सहारनपुर)। घलौली निवासी नरेश कुमार ने एसडीएम को सौंपे प्रार्थना पत्र में सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को झूठा बताते हुए एक कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए है। उनसे प्रकरण की जांच कराकर समस्या के समाधान की मांग की गई।
नरेश कुमार ने बताया कि उसकी पुत्री ज्योति एक कॉलेज में बीटीसी में दाखिला लेना चाहती थी। कॉलेज से जानकारी में बताया गया कि अनुसूचित जाति के छात्रों की कोई फीस जमा नहीं होगी। बीटीसी का कोर्स फ्री में कराया जाता है। अनुसूचित जाति के छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा छात्रवृत्ति भी दी जाती है। जबकि ज्योति ने 2000 रुपये काउंसलिंग फीस बैंक में जमा कराई तथा प्रवेश हेतु 1000 रुपये का फार्म खरीदा। यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद ज्योति से सभी प्रमाण पत्रों की मूल प्रतिलिपि कोर्स पूरा होने तक कॉलेज में जमा कराने को कहा गया है। नरेश कुमार ने बताया कि कॉलेज द्वारा उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। इस बाबत तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नरेश ने प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि अनुसूचित जाति जनजाति आयोग को भी भेजी है। उन्होंने प्रशासन से प्रकरण की जांच कराकर समस्या के समाधान की मांग की है। उधर, कॉलेज के चेयरमैन ने आरोपों को निराधार बताया है।