उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। इस बार जिले में कुल हाईस्कूल और इंटर के 57860 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें हाईस्कूल और इंटर के व्यक्तिगत विद्यार्थी 4768 और संस्थागत के 53092 शामिल हैं। जनपद में बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तहसीलवार परीक्षाओं को संचालन किया जाएगा। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। एसडीएम और तहसीलदार को भी निर्विघ्न और नकल विहीन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्राइवेट और रेग्युलर छात्र-छात्राओं की एक साथ परीक्षा होगी। इस बार इंटर और हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में कुल 53092 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सबसे अधिक सदर तहसील क्षेत्र में परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। खतौली तहसील में 10420, बुढ़ाना तहसील में 8910 सदर में 28575 और जानसठ तहसील में 9955 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। कक्ष निरीक्षकों को उनकी ड्यूटी सौंप दी गई है। कक्ष निरीक्षकों के इस बार परिचय पत्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक अपने परिचय पत्र पहने हुए होंगे। सभी परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
सवा तीन घंटे का होगा पेपर
मुजफ्फरनगर। बोर्ड परीक्षा का प्रत्येक पेपर सवा तीन घंटे का होगा। हाईस्कूल की परीक्षाएं सुबह पहली पाली में 7.30 बजे से 10.45 बजे तक तथा इंटर की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। बृहस्पतिवार को पहले दिन हाईस्कूल और इंटर की हिंदी विषय के प्रथम पेपर की परीक्षा होगी। बुधवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सिटिंग प्लान बनाकर चस्पा कर दिया गया। बुधवार को परीक्षा केंद्र पर अपना सिटिंग प्लान की जानकारी लेने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ रही।
केंद्र व्यवस्थापक डेली ऑनलाइन भेजेंगे रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा पूरी तरह से हाईटेक होगी। प्रतिदिन की रिपोर्ट बोर्ड को रोजाना ऑन लाइन मिलेगी। केंद्र व्यवस्थापक डेली अपनी रिपोर्ट में कितने परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, कितने परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे, इसकी रिपोर्ट ऑनलाइन भेजेंगे। डीआईओएस वीपी सिंह ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को यूजर आईडी और पासवर्ड दे दिए गए हैं। उन्हें डेली की रिपोर्ट ऑनलाइन बोर्ड को देने के आदेश दिए गए हैं।
पांच सचल दल गठित
मुजफ्फरनगर। बोर्ड परीक्षा में चेकिंग के लिए पांच सचल दल बनाए गए हैं। डीआईओएस, बीएसए, लेखाधिकारी, जीआईसी प्रधानाचार्य, जीआईसी के उप प्रधानाचार्य के नेतृत्व में इन सचल दलों का गठन किया गया है। इनके अलावा एसडीएम और तहसीलदार भी अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहेंगे।