ग्राहकों के टोटे से जूझ रहे कारोबार को धनतेरस पर जान पड़ी है। धनतेरस पर कारोबारियों पर खूब धनवर्षा हुई है। शहर समेत जनपद में करीब 50 करोड़ से अधिक का व्यापार किया गया है। इनमें वाहन, कपड़ा, इलेक्ट्रिक के साथ सराफा बाजार शामिल है। धनतेरस पर बाजार में खूब भीड़-भाड़ रही। शाम तक लोगों ने खरीदारी की। इससे व्यापारियों के चेहरे खिल गए।
जीएसटी और नोटबंदी के बाद बाजार में कारोबार की चाल मंद पड़ गई, जिससे कारोबारियों, व्यापारियों में बेचैनी बढ़ गई। दिवाली सप्ताह शुरू होने के बाद भी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की संख्या आम दिनों जैसी ही रही। इससे मायूस व्यापारियों ने जीएसटी को इसका जिम्मेदार ठहराया। धनतेरस पर जिस तरह से उम्मीद थी, उस पर थोड़ी राहत मिली है।
मंगलवार को धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजार में ग्राहकों की भीड़ टूट पड़ी। शहर के प्रमुख बाजार शिवचौक, भगत सिंह मार्केट, सराफा बाजार, सदर बाजार, एसडी कपड़ा मार्केट के साथ क्रॉकरी, ड्राइफ्रूट के बाजार में ग्राहकों को आंकड़ा तिहाई संख्या में पहुंचा। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त के साथ लोगों ने चांदी, स्टील के साथ सोने के बर्तन, वस्तुओं की खरीदारी की। शहर के बाजार में व्यापार का आंकड़ा 30 करोड़ तक रहा, जबकि आसपास के क्षेत्रों का भी बाजार मिलाकर करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया।
सराफा बाजार हुआ गुलजार
मुजफ्फरनगर। सराफा बाजार में दिवाली उत्सव का कोई खास खुमार नहीं था, लेकिन धनतेरस पर सराफा बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। इससे सराफा कारोबारियों की खूब चांदी हुई। बाजार में चांदी के सिक्के, दीये, गिलास, चम्मच, कटोरी, मां लक्षमी और भगवन गणेश की प्रतिमा की खरीदारी की गई। सराफा बाजार में देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रही। सराफा एसोसिएशन सचिव सौराज सिंह ने बताया कि सराफा बाजार में मंगलवार को ग्राहक बढ़े हैं, लेकिन पहले जैसा कारोबार नहीं है। पूरे सराफा बाजार पर नजर डालें तो आंकड़ा 50 लाख भी नहीं छू सकेगा।
चमके बर्तन, खूब बिके दुपहिया-चौपहिया
मुजफ्फरनगर। महिलाओं में बर्तनों को लेकर काफी क्रेज दिखाई दिया। चांदी से लेकर स्टील तक के बर्तनों पर कारोबार की चमक आई। वाहन डीलर्स ने भी खूब ऑफर देकर वाहनों की सेल की है। दुपहिया से लेकर चौपहिया वाहनों की जमकर खरीदारी की गई। वाहन बाजार में भी करीब 10 करोड़ का कारोबार किया गया है। महेंद्र एजेंसी के मैनेजर राजेंद्र कुमार ने बताया कि 30 गाड़ियों की सेल की गई है। एजेंसी पर करीब दो से ढाई करोड़ का कारोबार हुआ है, जबकि टीवीएस पर 150 बाइकें, स्कूटी, होंडा, हीरो और सुजूकी के समेत बजाज एजेंसियों पर भी बड़ी संख्या में वाहन ब्रिकी किए गए हैं।