मुजफ्फरनगर। प्रदेश भर में कराई गई बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शहर में सुरक्षा बंदोबस्त के बीच हुई। बीएड प्रवेश परीक्षा यहां 11 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई। दोनों पालियों में 4800 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे, जिनमें से 4269 ने परीक्षा दी, 526 छात्र-छात्राएं गैरहाजिर रहे।
बीए संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज, एसडी डिग्री कॉलेज, जैन कन्या डिग्री कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज आर्य समाज रोड, दीपचंद्र ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज नई मंडी, एसडी कन्या इंटर कॉलेज गांधी कालोनी, जैन कन्या इंटर कॉलेज नई मंडी, इस्लामिया इंटर कॉलेज आर्य समाज रोड तथा एसडी इंटर कॉलेज रोडवेज बस स्टैंड से पास बनाए गए थे।
डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा में 4800 विद्यार्थी पंजीकृत है। पहली पाली की परीक्षा नौ बजे से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दो बजे से पांच बजे तक हुई। पंजीकृत परीक्षार्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होना था। सुबह की पाली में सामान्य ज्ञान कॉमन पेपर हुआ, जबकि दूसरी पाली में आर्ट, साइट, कॉमर्स आदि विषय संबंधित परीक्षा हुई।
पहली पाली में 4800 परीक्षार्थियों में से 4268 ने परीक्षा, जबकि 532 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। दूसरी पाली में 4274 ने परीक्षा दी और 526 गैरहाजिर रहे। नोडल समन्वयक चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक ने बताया कि परीक्षा में सकुशल कोविड नियमों के तहत हुई है। अतिरिक्त उप जिलाधिकारी अशोक कुमार ने भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लिया।
सब्जेक्ट का पेपर टफ, सामान्य ज्ञान आसान रहा
मुजफ्फरनगर। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा देकर एसडी डिग्री कॉलेज से बाहर आए खतौली के छात्र सत्यम ने बताया कि पेपर आसान रहा। सामान्य ज्ञान का पेपर बहुत अच्छा हुआ है। जड़ौदा निवासी डीएवी कॉलेज की छात्रा वैष्णी और श्रुति ने बताया कि तैयारी के अनुसार पेपर अच्छा हुआ है। विषय संबंधित दूसरा पेपर थोड़ा मुश्किल था, फिर भी अधिकांश प्रश्नों के जवाब दिए गए है।
कोविड नियमों का किया गया पालन
मुजफ्फरनगर। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में कोविड से बचाव के लिए गाइड लाइन पर हर केंद्र पर पालन किया गया। परीक्षार्थियों को प्रवेश देने से पहले सैनिटाइज किया गया। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई गई। जिस पर मास्क नहीं था, उसे केंद्र पर ही मास्क दिया गया। सैनिटाइज की किट भी दी गई।