हादसे मेें दो माह की बच्ची की मौत
खतौली। जानसठ रोड पर पेट्रोल पंप के सामने प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दो माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विवाहिता व उसका ताऊ घायल हो गए।
गांव उमरपुर लिसौड़ा निवासी रिटायर्ड फौजी शोभाराम बुधवार की शाम को अपनी विवाहिता भतीजी गुड्डी को लेकर उसकी दो माह की बच्ची को खतौली में प्राइवेट डॉक्टर के यहां दिखाने के लिए आया। डॉक्टर के यहां से ये बाइक पर घर लौट रहे थे। जानसठ रोड पर स्थित खुशहाली पेट्रोल पंप पर शोभाराम ने बाइक में पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल पंप से जैसे ही बाइक लेकर सड़क पर पहुंचा। इसी दौरान जानसठ की ओर से तेजी से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विवाहिता गुडडी की दो माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गुडडी व उसका ताऊ शोभाराम भी गंभीर रुप से घायल हो गए। दो माह की बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।