तहसीलदार ने खोखे हटाने की चेतावनी दी
शाहपुर। कस्बे में बसी रोड व मुजफ्फरनगर रोड पर रखे सैकड़ों खोखों में लोग अपना रोजगार कर अपने परिवार का जीवनयापन कर रहे हैं। पिछले कई माह से कस्बे में इन खोखों को हटाने की सुगबुगाहट चल रही थी। बुधवार को तहसीलदार बुढ़ाना रतन लाल वर्मा ने कस्बे में पहुंचकर दुकानदारों को चेतावनी दी। तहसीलदार ने बताया कि इन दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। प्रतिमाह नगर पंचायत को अपना किराया अदा कर रहे हैं। बावजूद इसके उनके पास खोखे हटाने का कोई भी लिखित नोटिस नहीं आया है। तहसीलदार बुढ़ाना ने मौखिक रूप से उनको खोखे हटाने की चेतावनी दी है। उधर, नगर पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि इन खोखों को हटाने जैसी कोई भी बात उनके संज्ञान में नहीं है।