किस्मत वालों के घर पैदा होती हैं बेटियां
मुजफ्फरनगर।
एसएसपी के बाद प्रशासन ने नजीर बनाई है। सामूहिक विवाह में बड़े सलीके से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देने के साथ मेहमान नवाजी का तरीका समझाया है। निकाह के दौरान जोड़ों को इस्लाम और मेहमान नवाजी की विशेष पुस्तक दी गई, जिसमें आपसी भाईचारे-सौहार्द के साथ पैगंबर साहब के पैगाम को पेश किया गया। इसके अलावा भी मुस्लिम समाज से जंग-ए-आजादी में कुर्बान हुए बहादुरों की याद दिलाई गई।
निकाह के वक्त मौलवी ने समझाया कि मक्का में पैगंबर साहब जब खुदा का पैगाम लेकर लोगों के बीच पहुंचे, तो उन्होंने पत्थर मारकर शहर से निकाल दिया। इसका भी पैगंबर साहब ने दिलेरहमी और नरमी से जवाब दिया। इसके अलावा आपसी सौहार्द और भाईचारे की नींव मजबूत करने के लिए गैर मुस्लिम की मेहमान नवाजी का जिक्र किया गया। पुस्तक में मुख्य बिंदु साफ रहा है किस्मत वाले हैं वो लोग, जिन्हें बेटियां नसीब होती हैं। इन चंद शब्दों में प्रशासन ने कन्या भ्रूण हत्या, बेटियों से नफरत आदि पर वार किया। खाना खिलाने की फजीलत को बयां किया। नवविवाहित जोड़ों को गरीब, यतीम और बेसहारा लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित किया। सबसे दिलचस्प यह है कि जंग-ए-आजादी में कुर्बानी देने वाले तमाम मौलाना, मौलवी और मुस्लिम समाज के बहादुर लोगों के साथ अन्य क्रांतिकारियों के बारे में बताया गया, ताकि नई पीढ़ी इनसे दूर न हो सके। बता दें कि होली पर्व पर एसएसपी अनंत देव ने पैगंबर साहब के संदेश को छपवाकर वितरित किया था।
-