खतौली। गांव मोहद्दीनपुर के रहने वाले सिपाही हिमांशु की सड़क हादसे में घायल होने से मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव शोक में डूब गया।
मोहद्दीनपुर गांव निवासी सिपाही हिमांशु (25) पुत्र दारासिंह की तैनाती मोदीनगर थाने में थी। फिलहाल उसकी ड्यूटी कचहरी में लगी थी। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को सिपाही हिमांशु बुलेट बाइक से जिला परीक्षितगढ़ में सम्मन तामीन कराने के लिए गया था। वहां से वापस लौटते समय जिला मेरठ के छोटा मवाना के पास कार की टक्कर लगने से सिपाही गंभीर रुप से घायल हो था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सिपाही को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर शुक्रवार की देर रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक के मामा महेंद्र ने मवाना थाने में कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा। गांव में शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों व ग्रामीणों ने गमगीन मौहाल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।