मुजफ्फरनगर। फैक्ट्रियों द्वारा फैलाए जा रहे कथित प्रदूषण, भट्ठों पर स्टांप शुल्क नोटिस और बदहाल सड़कों की समस्याओं को लेकर आंदोलन जनकल्याण की ओर से लोगों ने डीएम दफ्तर पर धरना देकर प्रदर्शन किया।
आंदोलन जनकल्याण के संयोजक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में सोमवार को किसानों और भट्ठा मालिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट में डीएम दफ्तर पर धरना दिया गया। डीएम जीएस प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपते हुए लोगों ने प्रमुख समस्याओं को उठाया। बताया कि पेट्रोल और डीजल वाहनों का दस और 15 साल की बजाए इंजन के फिटनेस प्रदूषण का मानक तय किया जाए, यह व्यवस्था आम आदमी के लिए आर्थिक समस्या पैदा कर रही है। इस निर्णय से केवल ऑटो मोबाइल कंपनियों को ही लाभ है। संगठन ने ईंट भट्ठा स्वामियों को स्टांप शुल्क वसूली के लिए नोटिस भेजने पर रोष प्रकट किया। बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, प्रदूषण नियंत्रण एवं जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रोत्साहन बजट लागू कराने की मांग की गई। इसके साथ ही मुजफ्फरनगर-जानसठ मार्ग को गड्ढा मुक्त करने, मिलों द्वारा इंडेंट में मनमानी बंद करने की मांग भी की गई। धरना, प्रदर्शन में प्रमोद कुमार, बलराम तायल, बबीता राठी, डॉ हरवीर बालियान, गोपाल चौधरी, ब्रहम सिंह, राजीव, संजीव, यशपाल, अमित, करणवीर प्रधान, धीरज राठी, नरेंद्र प्रधान, सतीश, मौहम्मद इनाम, लाला सोम प्रकाश, जय भगवान, फारुख अली, प्रवीण, भोपाल सिंह, सुमित, सुधीर त्यागी, नरेश कश्यप, अजयपाल भैंसी, रविंद्र त्यागी, सुरेश प्रधान, पवन प्रधान, कोशिंद्र आदि मौजूद रहे।