मुजफ्फरनगर। ऊर्जा निगम की बिजली बिल राहत योजना के तहत पहले दिन जनपद के करीब 400 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया, जिनकी ओर से लगभग 70 लाख रुपये का बकाया बिजली बिल जमा कराया गया।
ऊर्जा निगम की बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के तहत सोमवार से पंजीकरण शुरू हो गए। योजना में दो किलोवाट तक के घरेलू और एक किलोवाट तक के एक बार और काफी दिनों से बिल जमा न करने वाले वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के बिलों पर अधिभार (सरचार्ज) में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। बिल के मूलधन में अधिकतम 25 प्रतिशत की राहत भी मिलेगी।
मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत तीन चरणों में पंजीकरण होगा। बताया कि प्रथम चरण में एक से 31 दिसंबर, दूसरे चरण में एक जनवरी 2026 से 31 जनवरी व तीसरे चरण में एक फरवरी से 28 फरवरी तक पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। बताया कि जनपद में निगम की ओर से 29 स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया। बताया कि योजना के दायरे में एक लाख से अधिक उपभोक्ता आ रहे हैं। उन्होनें बताया कि विभिन्न शिविरों में जाकर उनकी ओर से योजना के तहत कराए जा रहे पंजीकरण एवं जमा किये जा रहे राजस्व की जानकारी ली गई।