खतौली तहसील में शिकायतें सुनते डीएम उमेश मिश्रा। संवाद
खतौली। संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनते हुए डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण त्वरित निस्तारण होना चाहिए। जिससे पीडि़त को त्वरित न्याय मिल सके। इस दौरान 40 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायतों का निस्तारण मौके पर पहुंच कर अल्प समय में उनका निस्तारण हो। शिकायतों की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। महिला अपराध संबंधी शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए। शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के बारे में भी जागरूक किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में एसएसपी अभिषेक सिंह, एसडीएम मोनालिसा जौहरी, क्षेत्राधिकारी राम आशीष यादव समेत अन्य पुलिस, प्रशासनिक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
बुढ़ाना में आईं पांच शिकायत
बुढ़ाना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 5 शिकायत आई। उप जिलाधिकारी राजकुमार भारती व सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। शनिवार को घरौनी वितरण कार्यक्रम के कारण संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन नही हो सका था। उप जिलाधिकारी ने समय पर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।