मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना फिर से रफ्तार पकड़ रहा है। महामारी की दूसरी लहर में रविवार को अब तक के सबसे अधिक 36 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। चौंकाने वाली बात यह कि इनमें से 26 मरीज शहर क्षेत्र से हैं, जबकि दस अन्य ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं।
जिले में रविवार को कुल 734 लोगों की कोरोना सैंपल की जांच आई। सीएमओ डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि इनमें से 36 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रविवार को आए कोरोना मरीजों को लेकर चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 26 मरीज अकेले शहर क्षेत्र से शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक चार मरीज साउथ सिविल लाइन से हैं, जबकि तीन मोहल्ला लक्ष्मण विहार व दो-दो मरीज गोशाला रोड व एसबीआई बैंक कॉलोनी से हैं।
वहीं, अन्य दस मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से हैं, जिनमें एक खतौली, दो कूकड़ा व अन्य छपार, सुजड़ू, सरवट व आदर्श कॉलोनी से हैं। रविवार को 11 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज भी किया गया है। इसके साथ ही जनपद में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 139 तक जा पहुंचा है।
संभलना ही होगा, वर्ना बिगड़ सकते हैं हालात
जनपद में जिस तरह लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में एक बार फिर तेजी से इजाफा हो रहा है, इससे अब लोगों को ही इस वैश्विक महामारी से निपटने के लिए आगे आना होगा। इसके लिए जरूरी है कि एक बार फिर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही मास्क व सैनिटाइजर का नियमित रूप से इस्तेमाल किया जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचा जाए और खुद को पूरी तरह अनुशासन में रखते हुए कोविड-19 नियमावली का पालन किया जाए। तभी हम खुद के साथ ही अपने परिवार व समाज को इस महामारी की चपेट में आने से बचा पाएंगे।