कपिल सोम के समर्थन में राजपूत समाज लामबंद
रतनपुरी/खतौली। भाकियू ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम के साथ हुई लूटपाट और मारपीट की घटना को लेकर राजपूत समाज लामबंद हो गया है। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने खतौली इंस्पेक्टर पीपी सिंह से मिलकर फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
गांव रतनपुरी निवासी भाकियू नेता कपिल सोम के साथ बाइक सवार दो बदमाशों ने रोडवेज के निकट मारपीट कर उनसे 56 हजार रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पीड़ित ने गांव समौली निवासी दो युवकों अमित व उसके साथी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर बृहस्पतिवार को गांव रतनपुरी में कपिल सोम के आवास पर हुई बैठक में करीब 20 ग्रामों के राजपूत समाज के लोग शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसी भी चुनाव में गुर्जर समाज के किसी भी नेता का समर्थन नहीं करेंगे। बैठक में चुने गए प्रतिनिधिमंडल ने खतौली इंस्पेक्टर पीपी सिंह से मिलकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा धाराओं में छेड़छाड़ न करने की मांग की गई। पूर्व ब्लाक प्रमुख चरथावल रणवीर सिंह पुंडीर की अध्यक्षता और कप्तान सिंह के संचालन में हुई बैठक में यशपाल प्रधान, सोनू प्रधान, पवन प्रधान, नेपाल, सतेंद्र चौहान, यागेंद्र दाहौड़, राजन, अनूप सिंह, मनोज प्रधान, दाताराम, तेजपाल, सतपाल प्रधान, राजू खेडी, धनप्रकाश पहलवान, नरेंद्र इंचौडा, बिट्टू आदि मौजूद थे।