दुकान में गल्ला तोड़कर 3.50 लाख रुपये चोरी
मुजफ्फरनगर। शहर के सदर बाजार स्थित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में गल्ला तोड़कर 3.50 लाख रुपये चोरी कर लिए गए। सीसीटीवी देखने में नौकर को ही संदिग्ध दुकान से निकलते हुए देखा गया। घटना के बाद से नौकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खतौली क्षेत्र के गांव भैंसी निवासी मोहम्मद परवेज की सदर बाजार में रोजी गारमेंट्स के नाम से दुकान है। परवेज ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार रात उसकी दुकान का गल्ला तोड़कर उसमें रखे 3.50 लाख रुपये चोरी कर लिए गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटना की जांच की। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि मार्केट में एक प्रतिष्ठान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दुकान का नौकर ही निकलते हुए कैद हुआ। नौकर की तलाश में पुलिस टीम घर पहुंची तो वह फरार हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी नौकर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।