गायब हो गए बाजारों में रखे 250 डस्टबिन
मुजफ्फरनगर। शहर में कूड़ा फैलने से रोकने के लिए नगर पालिका ने बाजारों और अनेक स्थानों पर 250 डस्टबिन रखवाए थे। जो अब अपनी जगह से गुम हो चुके हैं। पालिका ने भी इस ओर कोई गौर नहीं किया। दुकानदार और नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डाल रहे हैं। ऐसा करने पर जुर्माने का प्रावधान है, मगर पालिका की ओर से अभी तक कोई जुर्माना नहीं किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो साल पहले नगर पालिका ने करीब तीन लाख रुपये खर्च करके मार्केट और सार्वजनिक स्थानों पर नीला और हरा डस्टबिन रखने की व्यवस्था की थी, ताकि शहर में कूड़ा न फैले। हरे में गीला कूड़ा और नीले में सूखा कूडा़ डालना था। अग्रवाल मार्केट, रेलवे रोड, गोल मार्केट, एसडी मार्केट, कोर्ट रोड, भगत सिंह रोड, सिटी डाकघर, रुड़की रोड, गऊशाला रोड, नई मंडी आदि स्थानों पर ये डस्टबिन रखे गए थे। कूड़ा उठाने वालों का कांट्रेक्ट खत्म हुआ तो मार्केट और सार्वजनिक स्थानों से ये डस्टबिन भी गायब हो गए है। कुछ टूट गए तो कुछ को लोग उठा कर ले गए। पालिका ने भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
अब हालात ये है कि दुकानदारों के अलावा रेहडी, ठेले वालों समेत लोग सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालते हैं। शहर में सिटी पोस्ट ऑफिस के पास हनुमान मंदिर के सामने ही सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है। ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं।
रोजाना निकलता है 170 टन कूड़ा
पालिका की ओर से सफाई के लिए 785 कर्मचारी नियुक्त है। सफाई के दौरान शहर में रोजाना 170 टन कूड़ा निकलता है। कूड़ा एकत्र करने के लिए शहर में नौ बड़े डलावघर है। यहां से कूड़ा किदवईनगर के डंपिंग ग्राउंड में जाता है। हालांकि वहां पर अभी भी कूड़ा निस्तारण करने का प्लांट शुरू नहीं हुआ है।
दस वार्ड में डोर टू डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था
नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल का कहना है कि 50 वार्डों में फिर से घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था है। अभी 10 वार्डों में घर-घर कूड़ा उठवाया जा रहा है। जल्द ही बाकी 40 वार्डों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कूड़ा डालने वालों पर जुर्माना लगेगा
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार का कहना है, मार्केट में डस्टबिन रखने की योजना कामयाब नहीं हुई थी। कंपनी से कांट्रेक्ट खत्म होने पर डस्टबिन भी गायब हो गए। अब फिर से इस योजना को लागू किया जाएगा। अभी तक कूड़ा डालने वालों पर जुर्माना नहीं किया गया। अब पालिका के पास गजट बन कर आने वाला है, इसके बाद अक्तूबर से ही सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने वालों पर जुर्माना किया जाएगा। कम से कम 500 रुपये जुर्माना होगा।