मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को 25 नए केस मिले। इनमें 16 बंदी और एक सिपाही भी शामिल है। जनपद में कोरोना के कुल केस 897 हो गए हैं। अभी भी 203 एक्टिव केस हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को 25 लोग कोरोना से संक्रमित मिले है। इनमें 21 लोग रैपिड जांच में, एक एंटीजन टेस्ट में, एक मेरठ लैब से और दो ट्रू नेट से पॉजिटिव पाए गए। इन मरीजों में कवाल की अस्थायी जेल के 16 विचाराधीन बंदी और जानसठ थाने का एक सिपाही भी शामिल है। इनके अलावा बचन सिंह कालोनी में एक, कच्ची सड़क पर एक, पटेल नगर में एक, सिद्धार्थ कालोनी में एक, बंसल नर्सिंगहोम में एक, शाहबुद्दीनपुर रोड पर एक, सीकरी में एक, कुरालसी में एक मरीज मिला है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को दस मरीज ठीक होने पर उन्हें अस्पताल से घर भेजा गया है। अब एक्टिव केस 203 हो गए है। एडीएम ने बताया कि जिले में 897 मरीज मिल चुके है, जिनमें से 675 मरीज कोरोना का मात देकर ठीक हो गए है।