बारिश में दरके मानकी-तलहेड़ी खुर्द मार्ग को दुरूस्त करने में जुटे ग्रामीण
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। मानकी से तलहेड़ी खुर्द गांव को जोड़ने वाली सड़क का करीब 25 मीटर हिस्सा बारिश में दरक गया। जिससे आवाजाही रुक जाने से दोनों गांवों का आपस में संपर्क कट जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
मानकी गांव के प्रधान प्रतिनिधि मामूर हसन ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के चलते खेत गहराई में चले गए हैं, जिससे सड़क दरककर क्षतिग्रस्त हो रही है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शिकायत करते हुए बारिश में दरकी सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टूटी सड़क का निरीक्षण किया। वहीं, कुछ ग्रामीण स्वयं रही मिट्टी व पत्थर आदि डालकर सड़क को चलने लायक बनाने में जुट गए। उधर, सोमवार की रात्रि बारिश के कारण गांव बीबीपुर निवासी श्याम सिंह का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हालांकि मकान गिरने से कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन मलबे में घरेलू सामान दब जाने से नुकसान हो गया। श्याम सिंह ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई। वहीं गुनारसा गांव में रजनीश शर्मा का भी कच्चा मकान गिर गया।
बारिश से सब्जियों की फसल को नुकसान
देवबंद। लगातार हो रही बारिश से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। सब्जी उत्पाद किसान रफाकत, लियाकत, सुनील व पप्पू ने बताया कि पहले करेले की फसल को भारी से नुकसान हुआ। अब जैसे तैसे तक लौकी व कद्दू की फसल बोई थी। लेकिन लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी भर जाने से नुकसान हो गया। जबकि उन्होंने बाकी पर खेत लेकर फसल बोई। यही हाल रहा तो बाकी निकल पाना भी मुश्किल है। उधर, त्रिवेणी चीनी मिल की मौसम वेधशाला के इंचार्ज सुभाष वर्मा ने बताया कि जनवरी से अब तक 1292 एमएम रिकार्ड की जा चुकी है।