दंपती की मौत से रामपुरी में मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के गांव शिमलाना में गृहक्लेश के चलते दंपती द्वारा जहर खाकर जान देने की घटना से विवाहिता के मायके रामपुरी निवासी परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। युवती के पति की मौत जिला अस्पताल में हुई है, जिसके बाद उसके शव का पोस्टमार्टम भी यहीं कराया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी छाया की शादी करीब एक साल पूर्व ही सहारनपुर जनपद के बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव शिमलाना निवासी राहुल से हुई थी। शादी के बाद कुछ महीने तक नवविवाहित दंपती रामपुरी में ही किराए के मकान में रहा और कुछ समय पूर्व गांव शिमलाना में ही जाकर रहने लगा था। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने जहर खा लिया। सोमवार सुबह छाया अपनी ससुराल में और राहुल गांव के पास स्थित एक ट्यूबवेल पर अचेतावस्था में पड़ा मिला। दोनों को परिजन व ग्रामीण देवबंद अस्पताल ले गए, जहां छाया को मृत घोषित करते हुए राहुल को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर के लिए रेफर किया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही उसकी भी मौत हो गई। इस पर राहुल के शव को जट मुझेड़ा स्थित मोर्चरी भेज दिया गया। उधर, मोहल्ला रामपुरी में जब दंपती की मौत की सूचना पहुंची तो विवाहिता के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में शिमलाना के लिए रवाना हो गए। देर शाम राहुल के शव को भी पोस्टमार्टम के बाद शिमलाना ले जाया गया, जहां उनके शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
-