जानसठ। गांव जटवाड़ा में खसरा नंबर 130 और 151 में श्मशान घाट दर्ज है। यहां शव यात्रा के साथ आने वाले लोगों के लिए वहां बैठने तथा बारिश से बचने के लिए कोई कमरे की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों ने बिजनौर के सांसद कुंवर भारतेंद्र से श्मशान घाट में एक कमरा और बैठने के बेंच बनवाने की मांग की थी। उन्होंने सीडीओ अर्चना वर्मा को लिखित पत्र में कमरा और बेंच सांसद निधि से बनवाने के निर्देश दिए थे। सीडीओ ने इसके लिए एसडीएम विजय कुमार को पत्र लिखा था। एसडीएम ने हल्का लेखपाल को तत्काल मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे, लेकिन लेखपाल ने आज तक रिपोर्ट नहीं दी है। शुक्रवार को तहसील में दीपक कुमार के साथ आए ग्रामीणों ने बताया कि समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। डीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर लेखपाल के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
कच्ची शराब के साथ दो आरोपी जेल भेजे
सिखेड़ा। भंडूर पुलिस चौकी प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एक मकान पर छापा मारकर कच्ची शराब बनाते हुए रविंद्र पुत्र भंवरसिंह निवासी विलायत नगर, थाना भोपा व रफले पुत्र पालेराम निवासी मिर्जा टीला को 10 लीटर कच्ची शराब सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।