कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जिले में बदले जाएंगे 21 मतदेय स्थल
मुजफ्फरनगर। जिले में 21 मतदेय स्थलों को बदला जाएगा। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे मंजूरी दी गई। इसके अलावा संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले में एक जनवरी 2022 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन नामावली को लेकर विशेष पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसी के साथ जिले में 21 मतदेय स्थलों के संशोधन का प्रस्ताव भी हुआ है। कलेक्ट्रेट स्थित लोकवाणी सभाकक्ष में समस्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श को एक बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में हुई। उक्त बैठक में तहसील बुढ़ाना एवं जानसठ के तीन मतदेय स्थलों का परिवर्तन - संभाजन प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों पर दावे और आपत्तियों का निस्तारण 20 दिसंबर तक किया जाएगा। तत्पश्चात मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी, 2022 को किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों से कहा आप अपनी अपनी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर अपडेट सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं। साथ ही बताया कि ईवीएम/वीवीपैट मशीन के प्रति जागरूकता को अति शीघ्र स्वीप मोबाइल वैन सभी मतदान केंद्रों पर भेजी जाएगी। ईवीएम-वीवीपैट मशीन का प्रदर्शन तहसील, विकासखंड, नगर पंचायत पर भी किया जाएगा, जिससे जनता को जानकारी प्राप्त हो सके। एडीएम ने बताया कि मतदान एवं चुनाव प्रचार के समय कोविड-19 से संबंधित दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ उप जिलाधिकारी जानसठ जयेंद्र कुमार तथा उप जिलाधिकारी बुढ़ाना अरुण कुमार एवं निर्वाचन संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।