सीबीएसई टर्म वन की परीक्षाएं शुरू, प्रश्नपत्र देखकर खिले चेहरे
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई बोर्ड की दसवी की टर्म वन की परीक्षाएं शुरू हो गई। पहले दिन कड़ी चौकसी में एसएसटी की परीक्षा कराई गई। आसान प्रश्नपत्र देखकर परीक्षार्थियों के चेहरे खिल गए।
शारदेन स्कूल में कई विद्यालयों का सेंटर लगा है। यहां परीक्षा देने आई हिमालयन पब्लिक की छात्रा रिया ने बताया कि एसएसटी का 40 अंक का पेपर अच्छा आया।
छात्र अक्षत पुंडीर का कहना है कि पेपर आसान रहा और सीबीएसई की नई पद्धति उन्हें पसंद आई।
छात्रा इकरा का कहना है कि पेपर आसान था, कोई अधिक परेशानी छात्रों को नहीं हुई। थोडा समय को लेकर दिक्कत रही।
छात्र ताशु त्यागी का कहना है कि शुरू में डर लग रहा था, जब पेपर आया तो अच्छा लगा। आसानी से पेपर हो गया।
सावरणी शर्मा का कहना है कि पेपर अच्छा रहा। केवल सही पर निशान लगाना था। ऑब्जेक्टिव टाईप रहा और पेपर बोझिल नहीं रहा।
परीक्षा केंद्रों पर एंट्री बंद से परेशान हुए छात्र-छात्राएं
परीक्षा के पहले दिन समय को लेकर छात्र-छात्राओं में कन्फ्यूजन बना रहा। एडमिट कार्ड पर 11.30 बजे परीक्षा प्रारंभ होने का समय था और परीक्षा केंद्रों पर 10.45 के बाद एंट्री बंद करने के आदेश थे। पेपर सही समय पर डाउनलोड नहीं हो पाने के कारण स्कूलों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सीबीएसई बोर्ड ने ने छात्रों को जो एडमिट कार्ड जारी किए उनमें 11.30 बजे से परीक्षा का समय दिया गया था। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों को जो आदेश जारी किए उनमें 10.45 के बाद एंट्री नहीं होनी थी। सीबीएसई ने 90 मिनट पेपर हल करने के लिए और बीस मिनट अलग से प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए दिए है। कुछ छात्र 11 बजे पहुंचे तो उन्हें एंट्री के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। पेपर प्रिंट कराने का जिम्मा स्कूल पर था, जिसमें स्कूल को सीबीएसई के लिंक से पेपर लेकर उसे प्रिंट कराना था। समय से पेपर डाउनलोड नहीं हो पाने से स्कूलों को परेशानी उठानी पड़ी। आधा घंटा तक इसमें खराब हुआ। इन सबके चलते स्कूलों में पहला दिन परेशानी भरा रहा। सबसे बड़ी बात यह रही कि साथ के साथ कॉपी चेकिंग कर सीबीएसई को मार्किंग की गई। कॉपियां सीबीएसई को भेजी जा रही है। स्कूल शाम तक इस प्रक्रिया में उलझे रहे।
शारदेन स्कूल में टर्म वन की परीक्षा देकर बहार आते सीबीएसई के परीक्षार्थी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शारदेन स्कूल में टर्म वन की परीक्षा देकर बहार आते सीबीएसई के परीक्षार्थी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR