स्वच्छ वातावरण में हो जीआईसी का निर्माण
मुजफ्फरनगर। ग्राम चांदपुर में प्रस्तावित जीआईसी निर्माण के लिए भूमि चयन को लेकर एक ग्रामीण ने आपत्ति जताई है। उसने अपने चार बच्चों के साथ कलक्ट्रेट में धरना दिया। डीएम से मिलकर अवगत कराया कि कारखानों के पास प्रदूषित वातावरण में कॉलेज की स्थापना का प्रयास किया जा रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ेगा।
बृहस्पतिवार को चांदपुर गांव निवासी अनिल सिंह अपने चार बच्चों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचा और धरना दिया। उसने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीएम राजीव शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि चांदपुर के ग्रामीणों की मांग पर प्रदेश सरकार ने जीआईसी निर्माण का प्रस्ताव मंजूर किया है। उसके निर्माण के लिए ग्राम सभा की भूमि की तलाश की गई, लेकिन आवश्यक सात बीघा भूमि नहीं मिली। इस पर शूटर नेहा तोमर के पिता राजीव तोमर ने अपनी जमीन जीआईसी के निर्माण के लिए दान करने का प्रस्ताव दिया। इसे क्षेत्र के आठ-दस ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में स्वीकार भी किया गया, लेकिन इसको दरकिनार करते हुए राजनैतिक दबाव में प्रशासन ने फैक्ट्रियों के पास दूषित वातावरण में जीआईसी की स्थापना के लिए भूमि का चयन किया है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से इस भूमि का प्रस्ताव निरस्त कराकर स्वच्छ वातावरण में मिल रही भूमि पर ही कॉलेज स्थापना कराने की मांग की है।
चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को किया सम्मानित
तितावी। युवा राष्ट्रीय लोकदल ने गांव काजीखेड़ा में चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को सम्मानित किया। युवा जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के संघर्ष में उनके हमकदम बुजुर्गों के योगदान और बलिदान को ध्यान में रखते हुए युवा राष्ट्रीय लोकदल इस पूरे सप्ताह में किसान सेनानी सम्मान सप्ताह मनाएगा। विभिन्न गांवों में ऐसे बुजुर्गों को शॉल, फ़ोटो आदि देकर आभार व्यक्त करेंगे। युवा मंडल अध्यक्ष हर्ष राठी, विकास बालियान ने कहा कि बुजुर्गों के दिए संस्कार और सीख हमें किसान विचारधारा के लिए लड़ने की प्रेरणा देते हैं। रालोद प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय ने युवाओं की मुहिम की प्रशंसा की। विकास कादियान, आदेश तोमर, जयवीर ठाकरान, अंकुश मलिक, विशेष बालियान, ओमकार बालियान, जगपाल, कुलदीप मलिक, जितेंद्र मलिक, रोहित आदि शामिल रहे।