मुजफ्फरनगर। बुलंदशहर के गुलावठी में सराफ की दुकान में तीन दिन पूर्व सेंधमारी कर की गई लाखों की चोरी के एक शातिर को शहर कोतवाली पुलिस ने बुढ़ाना मोड़ पर मुठभेड़ में धर दबोचा। जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर ज्वैलरी शॉप से चोरी की गई एलसीडी व जेवरात बरामद किए गए हैं।
शहर कोतवाली के बुढ़ाना मोड़ चौकी प्रभारी एसआई भूपेंद्र शर्मा ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को आते देख रोकने का प्रयास किया। एसआई के अनुसार, तीनों आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे, जिनकी घेराबंदी के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दो अन्य फरार हो गए। पकड़ा गया आरोपी उत्तराखंड के रुड़की के कैल्लनपुर निवासी आसिफ पुत्र आबिद है। जिसके पास से बिना नंबर की बाइक के साथ ही तमंचा और कारतूस भी बरामद किया। एसआई ने बताया कि आसिफ ने पूछताछ में बुलंदशहर के गुलावठी में विगत 22 अक्तूबर की रात सराफ राजकुमार की दुकान में चोरी की बात कबूल की है। जिसमें मुठभेड़ में फरार हुए पुरकाजी के भौजाहेड़ी निवासी शेरखान उर्फ शेर अली और गुलावठी निवासी सोनू भी शामिल थे। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर सराफ की दुकान से चोरी की गई एलईडी के साथ ही जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना बुलंदशहर पुलिस को भी दे दी गई है।
रुड़की से पहुंचे थे चोरी करने गुलावठी
इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कपरवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आसिफ राजमिस्त्री का काम करता है। वारदात का मास्टर माइंड पुरकाजी के गांव भोजाहेड़ी निवासी शेरखान उर्फ शेर अली है। जो लुटेरा भी है। वहीं, तीसरे आरोपी सोनू ने चोरी की पूरी वारदात का प्लान तैयार किया था। विगत 22 अक्तूबर को आसिफ व शेरखान बाइक से चोरी को अंजाम देने के लिए रुड़की से गुलावठी पहुंचे थे। जबकि सोनू उन्हें वहीं मिला। तीनों ने राजकुमार ज्वैलर्स शॉप की दुकान पर पहुंचकर वहां से जीने की दीवार तोड़ी, जिसके बाद नीचे आकर दुकान में दाखिल होने के लिए फिर से दीवार तोड़ी गई। इसके बाद आरोपियों ने चोरी को अंजाम दिया और फरार हो गए।