अस्पताल में प्रसव पीड़िता की मौत, जमकर हंगामा
मुजफ्फरनगर। जिला महिला चिकित्सालय में प्रसव पीड़िता की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए परिजनों ने खूब बखेड़ा किया। किसी प्रकार समझाने के बाद परिजन महिला को लेकर घर लौट गए। इससे अस्पताल में भी अफरातफरी मची रही।
चरथावल क्षेत्र की महिला सपना को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। चरथावल में चिकित्सकों ने उसे जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि करीब दो घंटे तक एंबुलेंस 102, 108 को कॉल मिलाते रहे, लेकिन कोई एंबुलेंस उन्हें लेने नहीं आई। इसके बाद परिजनों खुद की पीड़िता सपना को निजी वाहन से लेकर बुधवार रात करीब 12:30 बजे अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। इसको लेकर परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने के आरोप में हंगामा खड़ा कर दिया। घंटों तक अस्पताल में परिजनों ने बखेड़ा किया। चिकित्सकीय स्टॉफ के साथ नोकझोंक हुई। बाद में किसी तरह से परिजनों को चिकित्सकों ने शांत किया। जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ अमिता गर्ग ने बताया कि महिला को लेकर परिजन बुधवार देर रात आए थे, लेकिन महिला की डिलीवरी पहले ही हो चुकी थी। अस्पताल में पहुंचते ही महिला की मृत्यु हो गई। अस्पताल में महिला की मृत्यु के आरोप निराधार हैं।