राजकीय कॉलेज में शिक्षण कार्य पर ब्रेक
चरथावल। शासन ने चरथावल ब्लॉक के बधाई कलां समेत जनपद के पांचों मॉडल राजकीय इंटर कॉलेजों में शिक्षण कार्य पर 31 मार्च 2018 तक रोक लगा दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार ने शासनादेश बाद माडल इंटर कॉलेजों में भेजे गए शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थल पर वापस कर दिया है।
पहली जुलाई से बधाई कलां के पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में कार्यवाहक प्रधानाचार्या देवलता की नियुक्ति की थी। उसके बाद विद्यालय प्रवेश शुरू हो गए थे। करीब 50 बच्चों ने कक्षा छह और नौ में प्रवेश लिए थे, लेकिन बृहस्पतिवार को शासन ने इन विद्यालयों में शैक्षिक सत्र पहली अप्रैल 2018 से शुरू करने का निर्देश प्रदेश के 167 माडल स्कूलों के लिए जारी कर दिया। दरअसल, शासन नए खुले विद्यालयों में आधी-अधूरी तैयारी के साथ सत्र शुरू करना नहीं चाहता है। सरकार ने बजट में माडल स्कूलों के लिए अलग से बजट जारी किया है। बजट अवमुक्त होने के बाद इन स्कूलों में तमाम फर्नीचर, लैब, कंप्यूटर लैब और मानक के अनुसार स्टाफ की तैनाती करने के बाद शिक्षण कार्य शुरू होगा।
डीआईओएस ने अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद चरथावल के बधाई कलां के अलावा जिले के कासमपुर खोला, खाईखेड़ी, बिटावदा और सिकंदरपुर में अन्य विद्यालयों से संबद्ध किए गए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में भेजने का फरमान जारी कर दिया है। हालांकि जिन बच्चों ने इन विद्यालयों में प्रवेश लिया है, उन्हें उनके ऐच्छिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की सुविधा रहेगी।