परिश्रम के बल पर आगे बढ़ें बेटियां
मुजफ्फरनगर। सामान्य वर्ग सहायता समिति द्वारा मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल तिवारी ने कहा कि गरीब छात्राओं की फीस माफ की जाए, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभा साबित कर सकें। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपनी मंजिल तय करने के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। शिक्षा के बल पर कोई भी कामयाबी हासिल की जा सकती है।
बालाजी चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया। अतिथि आशीष अग्रवाल ने कहा कि बच्चे कड़े परिश्रम से आगे बढ़े। शिक्षा उच्च सम्मान दिलाती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के बिना कोई भी समाज प्रगति नहीं कर सकता। अब समय आ गया है कि शिक्षा को हथियार बनाकर छात्राएं स्वावलंबी बने। छात्राएं स्वावलंबी बनकर ही समाज के साथ अपने को आर्थिक रूप से संपन्न बना सकती हैं। आर्थिक रूप से संपन्न होने पर कठिनाइयां भी कम हो जाती है। छात्राओं को अपने साथ अन्य लड़कियों को भी आगे शिक्षित होने के लिए प्रेरित करना चाहिए। किसी भी सभ्य समाज के निर्माण के लिए शिक्षा जरूरी है। आज देश में आगे बढ़कर बेटियां कई कामयाबियां भी हासिल की है। समिति के जिलाध्यक्ष रवि तोमर, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रजनी गोयल, सचिव सलोनी गोयल आदि ने विचार रखे। इस मौके पर राहुल शर्मा, दीपक शर्मा, विक्रांत, दानिश, मोहित सहरावत आदि मौजूद रहे।
बच्चों ने बनाई सुंदर कांवड़
मुजफ्फरनगर। राइजिंग स्टार प्री स्कूल इंदिरा कालोनी में बच्चों को सावन माह और शिवरात्रि पर्व का महत्व बताया गया। प्रधानाचार्या सुमन शर्मा ने कहा कि त्योहार भारत की विविध संस्कृति, परंपरा और सभ्यता के प्रतीक है। बच्चों ने भक्ति गीत सुनाए। सुंदर कांवड़ों का निर्माण कर कांवड़ यात्रा का मंचन भी किया।