मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव में मतदान में लगे कर्मचारियों के नहीं आने के कारण शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में काम नहीं हुआ। देर रात तक कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से लौटे तो अगले दिन कार्यालयों में नहीं गए। बैंकों में भी लेनदेन का काम नहीं हुआ। शनिवार को द्वितीय शनिवार और फिर रविवार का अवकाश रहेगा।
लोकसभा चुनाव के मतदान में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगी थी। बृहस्पतिवार को मतदान संपन्न कराने के बाद कर्मचारी देर रात तक अपने घर लौटे। कुछ कर्मचारियों को तो पूरी रात जागना पड़ा। इसके चलते शुक्रवार को कर्मचारी दफ्तरों में नहीं पहुंचे। विकास भवन, कलक्ट्रेट, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय खुले रहे, लेकिन उनमें कोई काम नहीं हुआ। बैंकों में भी लेनदेन बंद था। इससे पहले दस और 11 अप्रैल को भी कार्यालयों में काम नहीं हुआ था। 13 अप्रैल को माह का द्वितीय शनिवार होने के कारण अवकाश रहेगा। इसके बाद रविवार का भी अवकाश है। इसलिए सरकारी कामकाज पूरी तरह बंद रहेगा। उधर, अधिकांश बैंकों में भी लेन देन नहीं हुआ। शनिवार और रविवार को अवकाश रहने से अब लोग एटीएम के भरोसे ही सोमवार तक रहेंगे।