इंदिरा पार्क और शहीद स्मारक में ओपन जिम खोलेगी पालिका
देवबंद (सहारनपुर)। नगरपालिका बोर्ड ने कूड़ा प्रबंधन के अंतर्गत घर-घर से कूड़ा एकत्रित किए जाने हेतु पीपी मोड पर काम करने, यूजर चार्ज और हाथ ठेली वालों के लिए वेंडिंग जोन नियमावली बनाने के साथ ही नगर के इंदिरा पार्क और श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर स्थित शहीद स्मारक में जनहितार्थ ओपन जिम शुरू करने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में चेयरमैन जियाउद्दीन अंसारी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। अंसारी ने कहा कि इंदिरा पार्क और शहीद स्मारक पर ओपन जिम की स्थापना के दौरान कोई स्थायी निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। अंबेडकर जागरूक मंच की मांग पर मेला ग्राउंड में अंबेडकर द्वार और आर्य समाज द्वार का पुन: निर्माण कराया जाएगा। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है।
नगर के चहुंमुखी विकास के लिए विभिन्न योजनाओं की डीपीआर बनाई गई है। इसी कड़ी में कान्हा गोशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय योजना के अंतर्गत झबीरन रोड पर 1 करोड़ 65 लाख 89 हजार 200 रुपये की लागत से गोशाला का निर्माण होगा। देवी कुंड रोड स्थित शमशान घाट के जीर्णोद्धार पर 39 लाख 76 हजार 400 रुपये खर्च किए जाएंगे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत जीटी रोड से कुटी रोड होते हुए छात्रावास तक सीसी सड़क व नाली निर्माण, भूमिया खेड़ा के सामने धोबीघाट तक नाला निर्माण व कवर्ड करना तथा मोहल्ला गुर्जरवाड़ा में सीसी सड़क व नाली निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया। इंदिरा पार्क में दुकानें बनाने का प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया।
इसके अलावा नगरपालिका में बड़ा रिकार्ड रूम बनाने, वित्तीय संसाधन बढ़ाने, एंबुलेंस का इंश्योरेंस व सर्विस कराकर उसे मरीजों के उपयोग में लाने समेत अन्य प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार, शराफत मलिक, मीनू कश्यप, शाह फैसल, मौ. असलम, मजाहिर हसन, विनय कुमार, आरिफ अंसारी, सुधा गांधी, मौ. वाजिद, हाजी मुस्तकीम, शबाना, रूमा सैयद, वरीसा, राबिया और मौ. समीर आदि सभासद मौजूद रहे।