काजी कॉलोनी में करंट फैला, विद्युत उपकरण फुंके
खतौली। काजी कॉलोनी में तारों के आपस में टच हो जाने से मकानों में करंट फैल गया। करंट से मकानों में रहने वाले परिवारों में अफरातफरी मच गई। कई घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए। कई मोहल्लों की घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही।
रोडवेज बस स्टैंड के पीछे काजी कॉलोनी में मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। इस कालोनी के लोग मौत के साये में जीनों को मजबूर हैं। कई वर्ष पहले करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। कई लोग करंट से झुलस गए थे। कॉलोनी के लोगों ने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से हाईटेंशन लाइन को उतरवाने के गुहार भी लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार की सुबह हाईटेंशन और एलटी लाइन के तार आपस में टच हो गए, जिससे कॉलोनी के मकानों में करंट फैल गया। कॉलोनी निवासी फैशल, शाद सहित आदि लोगों के मकानों में बिजली के दर्जनों उपकरण फुंक गए। उपकरण फुंकने से हजारों रुपयों का नुकसान बताया जा रहा है। तारों के टच होने से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई थी। घंटों बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।