बुढ़ाना। तीन दिन पहले हुई आत्महत्या के मामले में सांसद डॉ. संजीव बालियान और विधायक उमेश मलिक ने मृतका के घर पहुंचे। जहां मृतका के पति को आश्वासन दी कि इस घटना में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
तहसील क्षेत्र के गांव निवासी दलित महिला की फुगाना पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज नही की थी। उल्टे फुगाना पुलिस ने उसके पति व बेटे को हवालात में बंद कर दिया था। फुगाना पुलिस की प्रताड़ना से परेशान महिला ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में फुगाना थाना पुलिस के प्रति रोष है। घटना को लेकर सांसद डॉ. संजीव बालियान और विधायक उमेश मलिक रविवार दोपहर बाद गांव पहुंचे। उन्होंने मृतका के पति और गांव वालों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना को लेकर शोक जताया। सांसद संजीव बालियान ने आश्वासन देते हुए कहा कि इस घटना में दोषी फुगाना थाने का एसएसआई हो या अन्य पुलिसकर्मी कोई बख्शा नहीं जाएगा। घटना की जांच सीओ बुढ़ाना हरि राम यादव को सौंपी गई है। जांच अधिकारी सीओ को जल्दी ही रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी अथवा ग्रामीण को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में मृतका के पति व अन्य गांव वालों ने एसएसआई पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्घ कार्रवाई की मांग की। विधायक और सांसद ने मृतक महिला के परिवार को सरकार से आर्थिक सहायता दिलवाने की बात कही।