रसोई को सस्ता करने वाला आम बजट चाहिए
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली की पोटली से एक फरवरी को संसद में आम बजट पेश होगा। वित्तमंत्री से गृहिणियों को भी उम्मीदें हैं। महिलाओं का मुद्दा सुरक्षा के साथ महंगाई भी है। महिलाएं रसोई का सामान सस्ता करने वाला बजट चाहती हैं। इसके अलावा बेटियों के लिए विशेष सुविधाएं दिए जाने की वकालत करती हैं।
संगम विहार निवासी दीप्ति शर्मा ने कहा कि आम बजट से उम्मीदें काफी है। सरकार को बढ़ती महंगाई को कम करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा पर ध्यान देना होगा। गैस और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ रखा है, इससे राहत मिलनी चाहिए। सरकुलर रोड निवासी ज्योति अरोरा ने कहती हैं कि आम बजट में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं पर सरकार को विशेष फोकस करना चाहिए। खाने-पीने की चीजों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। आम जनता को इससे राहत मिले। बजट में मध्यम और निम्न तबके लोगों का भी ख्याल रखा जाए। घोषणाओं के अलावा उन पर अमल भी होना जरूरी है। नुमाइश कैंप निवासी स्वाति राठौर ने कहा कि वित्त मंत्री इस बार राहत देने वाला बजट पेश करें, ताकि देशवासियों को महंगाई के साथ अन्य सुख-सुविधाओं की राह आसान हो सके। स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे अहम है। इसको लेकर काफी उम्मीदें हैं। गैस सिलिंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, इस पर लगाम लगनी चाहिए। रेशू विहार निवासी रीतू त्यागी ने कहा कि रसोई में प्रयोग होने वाले मसाले, दाल, तेल के अलावा अन्य वस्तुओं के दाम बढ़े हुए हैं। गैस की कीमत सबसे कठिन है। आम बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा जाना चाहिए। महिलाओं के लिए सुविधा बढ़ें, ताकि वह बेहतर भविष्य बना सके।