ग्राम प्रधानों के खिलाफ जांच के लिए बनी टीम
मुजफ्फरनगर। कई ग्राम प्रधानों के खिलाफ डीएम ने जांच कमेटी बनाई है। ग्राम प्रधानों के खिलाफ जांच के लिए अलग-अलग अधिकारी नामित किए गए हैं, जो प्रधानों द्वारा की गई वित्तीय और विकास अनियमितताओं की जांच पड़ताल करेंगे। गांवों में शौचालयों के निर्माण में धांधली होने की शिकायत की गई थी।
खतौली के गांव रामपुर में प्रधान और सचिव की मिलीभगत से निर्माण कार्यों में धांधली की जा रही है। शौचालयों के अलावा सड़क, लाइट आदि में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर डीएम ने उप निदेशक कृषि प्रसार समेत दो लोगों को जांच अधिकारी नामित किया है। वहीं, गांव बघरा के गांव हरसौरी के पूर्व प्रधान और सचिव के विरुद्ध नियमानुसार वित्तीय अधिकारों का पालन न करने के मामले में जांच बैठाई गई है। टीम इनके द्वारा किए गए वित्तीय कार्यों की जांच पड़ताल कर रिपोर्ट बनाएगी। ग्राम पंचायत शौरो के खिलाफ शौचालय निर्माण में हुई अनियमितताओं में तत्कालीन प्रधान महरूनिशा, ग्राम सचिव हनीफ अहमद को कारण बताओ नोटिस भेजे गए हैं। बृहस्पतिवार को डीएम ने आदेश जारी कर एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच कमेटी बनने से ग्राम प्रधानों और सचिवों की धड़कनें बढ़ गई हैं। इसके अलावा भी डीएम ने तहसील दिवस और अन्य रूप से आने वाली शिकायतों पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। विकास कार्यों से समझौता नहीं होने दे अधिकारी, इसके लिए गांवों में जाकर निर्माण कार्यों की जांच पड़ताल की जाए।